
पधर (मंडी)। पधर क्षेत्र की पांच पंचायतें शनिवार रात अंधेरे में डूबी रहीं। शनिवार शाम करीब साढे़ सात बजे बिजली गुल हो गई। इसके बाद रात लोगों को अंधेरे में गुजारनी पड़ी। इससे पहले वीरवार को कोटरोपी के समीप बिजली की तारों पर पेड़ की टहनियां गिरने से लोगों को रात अंधेरे में काटनी पड़ी थी। शनिवार को उरला, चुक्कू, कधार, गुम्मा और रोपा-पधर में बिजली गुल रही। जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उधर, बिजली गुल होते ही घटासणी में स्थापित पांच कंपनियों के मोबाइल टावरों में भी बिजली न होने और बैटरी बैकअप हंाफ ने से मोबाइल नेटवर्क भी गायब हो गया। इससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं। शनिवार रात करीब साढे़ सात बजे गवाली विद्युत सब स्टेशन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इससे पांच पंचायतों की बत्ती गुल हो गई। रात भर बिजली गुल रहने पर लोगों ने नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि विभाग बैक फीडर से लाइन जोड़कर भी एक-दो पंचायतों में बिजली की सप्लाई को सुचारु रूप से चला सकता था। नोखू राम शर्मा, चेतराम धरवाल, लक्ष्मण दास, बांकू राम, घेसू राम, लीला देवी, खयाली राम, इंद्र सिंह, भूप सिंह, सुनील कुमार, राम सिंह, श्यामलाल, मनोज कुमार का कहना है कि स्कूली छात्रों के आजकल परीक्षाओं के दिन चले हुए हैं। बार-बार बिजली गुल रहने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। सर्दी के कारण परेशानी हो रही है। रविवार सुबह करीब 11 बजे विभाग ने मरम्मत का कार्य कर सप्लाई को बहाल किया। उधर, सहायक अभियंता विद्युत बोर्ड ओसी वर्मा ने बताया कि शनिवार रात को गवाली स्थित विद्युत सब स्टेशन में तकनीकी खराबी के कारण बिजली गुल रही। सुबह खराबी को ठीक कर सप्लाई सुचारु कर दी गई है।
