चर्च में नहीं आने दिए सैलानी, होगी जांच

धर्मशाला। मैकलोडगंज स्थित चर्च पर फिल्म यूनिट के कब्जे को लेकर जिला प्रशासन जांच बैठाएगा।  उपायुक्त सी पालरासु का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी। सोमवार को मैरीकॉम फिल्म की शूटिंग के लिए दिन भर चर्च को बंद रखा गया था। चर्च में सोमवार को कोई भी पर्यटक नहीं जा पाया था। वहीं, मीडिया को भी चर्च में जाने से रोक दिया गया था। इस दौरान फिल्म यूनिट के सदस्यों ने मीडिया से बदसलूकी भी की थी। वहीं, मैकलोडगंज के सेंट जॉन चर्च में सोमवार को हुई मैरीकॉम फिल्म की शूटिंग के दौरान यूनिट के सदस्यों ने अपनी मनमर्जी चलाई है। यूनिट के लोगों ने बिना अनुमति लिए पर्यटकों को चर्च में आने के लिए रोका था। इसके चलते सैकड़ों पर्यटकों को गेट से ही लौटना पड़ा था। चर्च कमेटी ने मैरीकॉम फिल्म यूनिट को केवल चर्च में शादी के दृश्य फिल्माने के लिए अनुमति दी थी न की पर्यटकों को अंदर आने से रोकने की। रविवार को यूनिट के लोगों ने अपनी मनमर्जी करते हुए पर्यटकों को न तो अंदर आने दिया न ही उन्हें बाहर से चर्च की फोटो खींचने दी। पर्यटकों के बिना चर्च देखे लौटने की घटना पर चर्च कमेटी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। चर्च के पादरी अजय सिंह ने कहा कि उन्हाेंने मैरीकॉम फिल्म यूनिट को केवल चर्च में शादी का दृश्य फिल्माने की अनुमति दी गई थी न कि पर्यटकों को अंदर आने से रोकने की। इस तरह की घटना आगे नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने इस संदर्भ में फिल्म के निर्देशक से भी बातचीत की। निर्देशक ने घटना पर दुख जताया है।

Related posts