
शिमला : मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री के निर्देशों के अनुसार अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग मनीषा नन्दा की अध्यक्षता में प्रदेश की 3 अग्रणी सीमैंट कंपनियों एस.सी.सी. लिमिटेड, जे.पी. सीमैंट तथा अम्बुजा सीमैंट के प्रतिनिधियों के साथ खुले बाजार में कीमतों की बढ़ौतरी के मामले पर चर्चा के लिए बैठक का आयोजन किया गया।
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने यहां कहा कि सरकार के प्रयासों से सभी तीनों मुख्य सीमैंट कंपनियों ने खुले बाजार में प्रदेश के विभिन्न स्थलों पर हाल ही में सीमैंट के मूल्यों में 5 रुपए की बढ़ौतरी को वापस लेने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि सीमैंट कंपनियां 5 रुपए से 10 रुपए की कमी करने पर भी राजी हुई हैं जबकि मूल्यों में बढ़ौतरी 15 रुपए तक की गई थी।
जहां पर 15 से 30 रुपए तक की बढ़ौतरी हुई थी, वहां भी तीनों कम्पनियां मूल्यों में 15 रुपए कम करने पर भी राजी हो गई हैं। प्रवक्ता ने कहा कि बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि परिवहन विभाग 2 सप्ताह के भीतर मालभाड़े की नई दरें अधिसूचित करेगा। इसके अतिरिक्त आबकारी एवं कराधान विभाग भी सी.जी.सी.आर./ए.जी.टी. अधिनियम के तहत एक माह के भीतर करों के युक्तिकरण की प्रक्रिया शुरू करेगा।

