गोलीकांड: पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल नहीं हैं स्वस्थ्य फिर भी एसआईटी के प्रश्नों का देंगे जवाब

गोलीकांड: पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल नहीं हैं स्वस्थ्य फिर भी एसआईटी के प्रश्नों का देंगे जवाब

चंडीगढ़
पंजाब के पांच बार मुख्यमंत्री रहे शिअद संरक्षक प्रकाश सिंह बादल का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। इसके बाद भी वह कोटकपूरा गोलीकांड मामले में मंगलवार को एसआईटी के सामने पेश होंगे। चंडीगढ़ स्थित विधायक आवास में वह मामले से जुड़े एसआईटी के सवालों के जवाब देंगे। 

अक्तूबर 2015 में हुए कोटकपूरा गोलीकांड मामले में पूछताछ के लिए नौ जून को नई एसआईटी ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को समन भेजकर 16 जून को पेश होने को कहा था। इस मामले में मोहाली में पूर्व मुख्यमंत्री से कुछ अहम बिंदुओं पर एसआईटी को पूछताछ करनी थी। इसका खुलासा होने के बाद मामले को लेकर राज्य में सियासी हलचल शुरू हो गई थी।

पिछले सोमवार को अचानक पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की तबीयत खराब हो गई। शिअद की ओर से उनकी खराब सेहत को लेकर बयान जारी किया गया था। जिसकी लिखित जानकारी एसआईटी को भी दे दी गई थी। फिर शिअद की ओर से बयान दिया गया कि वह 22 जून को एसआईटी के समक्ष सेक्टर-4 स्थित विधायक आवास में एसआईटी के सवालों के जवाब देंगे। 
 
रविवार को फिर शिअद के वरिष्ठ नेता हरचरन बैंस ने ट्वीट कर पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के स्वास्थ्य को लेकर जानकारी साझा की है। उन्होंने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य अभी ठीक नहीं है, इसके बाद भी वह 22 जून को एसआईटी के सवालों के जवाब देंगे। 22 जून को सुबह 10.30 बजे सेक्टर 4 में अपने आधिकारिक विधायक आवास में वह नई एसआईटी के समक्ष पेश होंगे।

Related posts