गलती से सीमा पार कर पाकिस्तान पहुंचा भारतीय किशोर

इस्लामाबाद: गलती से सीमा पार करके पाकिस्तान पहुंच गए एक भारतीय किशोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। जितेंद्र अर्जुनवार (15) को कल पाकिस्तान में सिंध प्रांत के हैदराबाद शहर की किशोर जेल भेज दिया गया। वह कथित रूप से अपनी मां से झगड़ा करके घर छोडऩे के बाद गलती से सीमा पार करके पाकिस्तान पहुंच गया।

किशोर ने खोखरापार के पास सीमा पार की और पाकिस्तानी रेंजरों ने उसे चेता चौक के पास गिरफ्तार कर लिया। समाचार पत्र डान के अनुसार खोखरापार पुलिस थाने के प्रभारी खुर्र्शीद भट्टी ने बताया कि किशोर उर्दू और अंग्रेजी दोनों ही भाषाएं बोलता है। लड़के ने पुलिस को बताया कि उसका नाम जितेंद्र अर्जुनवार है और उसके पिता का नाम एशुर्या अर्जुनवार है। वह मध्य प्रदेश का रहने वाला है।

लड़के ने पुलिस को बताया कि दो महीने पहले उसका अपनी मां से झगड़ा हुआ था और उसके बाद उसने अपना घर छोड़ दिया था। वह भारत में इधर उधर भटकता रहा। उसने बताया कि करीब एक महीने बाद वह एक ऐसे स्थान पर पहुंचा जहां उसने कंटीले तार देखे। उसने सोचा कि कंटीले तार क्षेत्र में मवेशियों को रोकने के लिए लगाया गया है।

समाचार पत्र के अनुसार किशोर ने बताया कि उसने तार के नीचे मिट्टी खोदी और उसके नीचे से निकलकर अपनी यात्रा जारी रखी। जब उसे प्यास लगी तो वह एक ऐसे स्थान पर पहुंचा जहां कुछ प्रकाश था। किशोर ने बताया कि वहां पहुंचने पर उसने कुछ लोगों को सेना की वर्दी में देखा। उन लोगों ने उसे पानी दिया और उसके बारे में पूछा तब उसने अपनी पहचान बताई।

Related posts