एन.आर.आई. लड़की से शादी का झांसा देकर ठगे 15 लाख रुपए

नवांशहर: एन.आर.आई. थाना नवांशहर पुलिस ने एन.आर.आई. लड़की से शादी करवा कर विदेश न भेजने व एक व्यक्ति से 15 लाख रुपए ठगने के आरोप में एन.आर.आई. लड़की सहित परिवार के 3 लोगों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

गांव जीदोवाल निवासी हरबंस सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा कि गांव के ही एक व्यक्ति हरविन्द्र ने इंगलैंड में रहने वाली अपनी बहन से उनके बेटे की शादी करवा कर वहां पक्का करवाने के लिए 25 लाख रुपए कथित तौर पर तय किए थे। उन्होंने ने कहा कि 15 लाख रुपए शादी के पहले और 10 लाख रुपए शादी के बाद पक्का होने के बाद देने थे। हरबंस सिंह ने कहा कि 14-10-2012 को उनके लड़के की हरविन्द्र की इंगलैंड में रहने वाली बहन से शादी हुई। हरबंस सिंह का आरोप है कि उन्होंने शादी से पहले उनके सुसराल परिवार को 15 लाख रुपए दे दिए।

लड़की कुछ देर रहने के बाद वापस विदेश चली गई। हरबंस सिंह का कहना है कि उनको 6 माह में बुलाने का भरोसा दिया गया था परंतु इतना समय बीत जाने के बाद भी उक्त लोगों ने उनके लड़के को न ही विदेश भेजा तथा न ही उनके पैसे वापस किए। इस पर पुलिस ने हरबंस सिंह के बयान पर कथित आरोपी हरविन्द्र, उसकी एन.आर.आई. बहन व पत्नी के खिलाफ 15 लाख रुपए ठगने के आरोप में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

Related posts