गगरेट में निजी बस लुढ़की, 17 घायल

गगरेट (ऊना)। गगरेट में एक निजी बस अनियंत्रित होकर लगभग 25 फुट नीचे जा लुढ़की। मंगलवार को हुए हादसे में लगभग डेढ़ दर्जन के करीब यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता एवं 108 एंबुलेंस से सभी घायलों को गगरेट के स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया गया। मिनी बस के लुढ़कने से बस के सभी शीशे टूट गए। इससे बस मेें सवार यात्रियों को ज्यादा चोटें आई हैं। घटना के फौरन बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। गगरेट अस्पताल में घायलों का हाल जानने के लिए एएसपी वीरेंद्र ठाकुर एवं तहसीलदार अंब मनोज कुमार भी पहुंच गए। एडिशनल एसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के शिकार यात्रियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर एक बजे बस गगरेट से अंब की ओर जा रही थी। इस दौरान बणे दी हट्टी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार को पास देने के चक्कर में चालक नियंत्रण खो बैठा। इससे बस पहाड़ी से 25 फुट नीचे जा गिरी। इससे बस सवार लगभग डेढ़ दर्जन के करीब लोग घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देख रेख में घायलों का उपचार चल रहा है। गगरेट के बीएमओ प्रकाश दरोच ने बताया कि प्राथमिक उपचार के लिए घायलाें को अस्पताल लाया गया था। उन्होंने कहा कि अधिकतर घायल प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद ही अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि सभी घायलों की हालत स्थिर है। उधर, एडिशनल एसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर और एसएचओ विश्वास वालिया ने कहा कि बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

घायलों की सूची
कुसुम देवी कलोह, निर्मला देवी पंजोआ, सुरेंद्र कौर, पुलिया देवी बणे दी हट्टी, माला राम, मुकशय अली, गुलाम नवी, सुमन, कुसुम लता, संदीप, प्रेम चंद, दिनेश कुमार, मंगल, अब्दुल रहमान, अनीता, पूजा एवं स्नेह को चोटें आई है

Related posts