कैप्टन अपनी पांच उपलब्धियां बतायें: सुखबीर

  • कैप्टन अपनी पांच उपलब्धियां बतायें: सुखबीर  

चंडीगढ़: पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह की किसान यात्रा को झूठ यात्रा करार देते हुए कहा है कि वह अपने कार्यकाल की पांच उपलब्धियां गिनाकर दिखायेें। बादल ने कांग्रेस के नेता एवं पटियाला के पूर्व डिप्टी मेयर कबीर दास का पार्टी में शामिल होने पर उनका स्वागत करते हुये कहा कि उनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी और उनको पूरा सम्मान मिलेगा।
बादल ने आज यहां पत्रकारों से कहा कि कैप्टन सिंह की किसान यात्रा झूठ यात्रा है जिस पर किसी को कोई भरोसा नहीं है। अपने कार्यकाल में उन्होंने किसानों पर बिजली के बिलों के भुगतान का बोझ डालने के सिवाय कुछ नहीं किया। लोग अब उन पर भरोसा नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कोई नेता कैप्टन अमरिन्द्र सरकार के दौरान की कोई उपलब्धि तक नहीं गिना पा रहा। कैप्टन सिंह हताशा में ही झूठे वादे करके मतदाताओं को लुभाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन वो जितनी कोशिश कर लें लोग समर्थन नहीं देंगे। पिछले दो विधानसभा चुनावों में कांग्रेस हार का मजा चख चुकी है और इस बार भी उसकी किरकिरी तय है।
बादल ने कहा कि अपने को हीरो समझने वाले नवजोत सिंह सिद्धू अब जीरो हो गये हैं। वह पहले तय नहीं कर पा रहे थे किस पार्टी के साथ जायें और अब कोई पार्टी उन्हें लेने को तैयार नहीं है। उनके मंच को कहीं जगह नहीं मिलेगी। मौका परस्त लोगों का यही हाल होता है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सच्चाई पंजाब के लोगों के सामने आ चुकी है। चुनावों में उसे दस सीटों से अधिक नहीं मिलेंगी तथा कांग्रेस 20 से 25 सीटों पर सिमट कर रह जायेगी।

Related posts