किन्नौर के स्कीबा में कार सतलुज में गिरी

रिकांगपिओ (किन्नौर)। स्कीबा क्षेत्र के पास मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक की मौत और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए रिकांगपिओ अस्पताल में भर्ती किया गया है। मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को 10 हजार और घायलों को पांच-पांच हजार फौरी राहत के रूप में दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब नौ बजे एक आल्टो कार (एचपी-27ए 0825) में रोपा निवासी सतीश कुमार अपने परिवार के साथ रिकांगपिओ जा रहा था। इसी दौरान उनकी कार स्कीबा के पास सतलुज में जा गिरी। हादसे में सेमकित पत्नी सतीश कुमार रोपा निवासी की मौत हो गई। रोपा निवासी थुपतन लामो, रोपा निवासी सोनू, रोपा निवासी मोनू, रोपा निवासी सतीश कुमार और रोपा के ही कलजंग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रिकांगपिओ अस्पताल में भर्ती किया गया है। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र के विधायक जगत सिंह नेगी, निर्मल, सूर्य, राम सिंह और चंद्र गोपाल भी मौके पर पहुंचे। विधायक ने मौके पर पहुंच कर हादसे में घायल लोगों को हर संभव मदद करने की बात कही।
तहसीलदार मूरंग बीडी गुप्ता ने बताया कि कार में छह लोग सवार थे। इसमें एक की मौत हो गई है। पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को दस हजार और घायलों को पांच-पांच हजार फौरी राहत के रूप में दिए गए हैं।

Related posts