
सांगला (किन्नौर)। जिला के निचार खंड के तहत आने वाली कटगांव पंचायत के करगारंग गांव में एक मकान जल कर राख हो गया। लोगों ने आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया लेकिन आग इतनी भयानक थी कि देखते देखते तीन कमरों का पूरा घर जल कर स्वाह हो गया। इसी दौरान आग बुझाते समय एक महिला भी गंभीर रूप से जल गई है। इसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे किन्नौर से रामपुर के लिए रेफर किया गया है। आग की इस घटना में करीब 2.50 लाख का नुकसान बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कनगारंग गांव के राम सिंह पठानिया के घर में अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना पंचायत प्रधान सांज्ञय डोलमा ने पुलिस की दी। सूचना मिलते ही पुलिस का एक दल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों के साथ मिल कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन वह लोग आग पर काबू नहीं पा सके। इसी दौरान गांव की प्रोमिला नेगी आग बुझाते वक्त गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को उपचार के लिए पीएचसी कटगांव लाया गया। जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए महिला को भाबानगर रेफर किया गया। वहां भी महिला की नाजुक हालत को देखते हुए रामपुर के लिए रेफर कर दिया गया है। आग से करीब 2.50 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
इधर,एसडीएम भाबानगर विवेक चौहान ने मौके पर पहुंच कर प्रभावित परिवार को 15 हजार रूपये की फौरी राहत दी। वहीं हादसे में घायल महिला को चार हजार रुपए की फौरी राहत जारी की गई।
