कंदराल की महिला घर से लापता

बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल के कंदराल गांव के बंटू राम ने पुलिस में अपनी पत्नी 42 वर्षीय सुनीता देवी के लापता होने संबंधी मामला दर्ज करवाया है। पुलिस में दर्ज शिकायत में बंटू राम ने कहा कि चार सप्ताह पहले उसकी पत्नी सुनीता देवी अपने समस्त दस्तावेज और आधार कार्ड लेकर अचानक घर से लापता हो गई है। उसने समस्त परिजनों के यहां सुनीता देवी की तलाश की, लेकिन अब तक उसका कोई भी पता नहीं चल सका है। बंटू राम का कहना है कि उसकी पत्नी की दिमागी हालत कुछ ठीक नहीं है। वह पहले भी घर से लापता होती रही है और 15-20 दिन में वापस आ जाती है। इस मर्तबा अभी तक उसका कोई भी पता नहीं चल सका है। थाना प्रभारी राजिंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी थानों को सूचित करने के बाद तलाश शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री का जताया आभार
बैजनाथ (कांगड़ा)। धार क्षेत्र के सलेहरा स्कूल का दर्जा बढ़ाए जाने पर गांव के गुरदेव डोगरा, रसील सिंह, केहर सिंह, जय कृष्ण, हरनाम सिंह, प्रकाश चंद, रोशन, सलोचना देवी, सुषमा देवी, प्रेम लता, सोमा देवी आदि ने सीएम वीरभद्र सिंह, शहरी विकास एवं नगर नियोजन मंत्री सुधीर शर्मा और विधायक किशोरी लाल का आभार व्यक्त किया है।

Related posts