
ऊना। बौल में उचित मूल्य की दुकान के औचक निरीक्षण में राशन वितरण में गोलमाल सामने आया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग के निरीक्षकों राजीव शर्मा और भूपिंद्र अधिकारी ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय के निकट बौल में निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सरकार की तरफ से जो राशन उपभोक्ताओं को वितरण के लिए आया था, उसके वितरण का कोई हिसाब-किताब नहीं रखा गया है।
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक यादवेंद्र पाल ने यह खुलासा करते हुए वीरवार को बताया कि इस उचित मूल्य की दुकान पर सरकार की ओर से 53 क्विंटल आटा, 565 लीटर केरोसिन, एक क्विंटल 13 किलो काबुली चना, 69 किलो दाल मूंग और 68 किलो दाल चना सप्लाई गई थी। लेकिन यह खाद्य सामग्री किसको वितरित की गई, इसका कोई हिसाब-किताब निरीक्षण के दौरान नहीं पाया गया। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि उचित मूल्य की दुकान के रिकॉर्ड के मुताबिक उड़द की दाल का वितरण राशन कार्डों में शो किया गया है, लेकिन गोदाम चेक करने पर यह दाल अधिक मात्रा में निकली। विभाग के निरीक्षकों ने आसपास के घरों में जाकर उपभोक्ताओं से जब इस बारे में बात की तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस उचित मूल्य की दुकान में सामान की खरीद पर कैश मैमो भी नहीं दिए जाते। खाद्य आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि इस बारे में कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है और जवाब तसल्लीबख्श न पाए जाने पर रिकवरी के साथ-साथ सोसाइटी का पंजीकरण भी निरस्त किया जा सकता है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक ने कहा कि ऐसे गोलमाल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
