अतिक्रमण से सिकुड़ा रेलवे रोड, प्रशासन मौन

मैहतपुर (ऊना)। स्थानीय मुख्य बाजार के साथ साथ रेलवे रोड पर कई दुकानदारों का सामान सड़क तक पहुंच चुका है, जिसके चलते इस अतिक्रमण से दिनोंदिन यह बेहद व्यस्त संपर्क रोड सिकुड़ता जा रहा है। यही वजह है कि रोड को बेहद चौड़ा करने के बावजूद दोपहिया वाहन चालकों तथा राहगीरों को आवाजाही में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दुकानदारों के सड़क तक बिखरे सामान तथा सड़क किनारे कई-कई घंटों तक बेवजह खड़े रहने वाले वाहनों के कारण दोपहिया वाहन चालक और राहगीर परेशान हैं। लोगों का कहना है कि किसी भी वक्त कोई बड़ा हादसा यहां हो सकता है। हैरत की बात यह है कि इस मामले को लेकर स्थानीय नगर पंचायत मूकदर्शक बनी बैठी ही है, साथ ही जिला प्रशासन की ओर से भी कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। पार्किंग के लिए मुख्य बाजार के साथ साथ रेलवे रोड पर कहीं पर भी जगह को चिन्हित नहीं किया जा सका है, जहां कार तथा दोपहिया वाहनों को पार्क करने की व्यवस्था हो। इस असुविधा के चलते मुख्य बाजार तथा रेलवे रोड पर बेतरतीब खड़े होने वाले वाहन आने जाने वालों के लिए समस्या पैदा कर रहे हैं। सोमवार तथा शुक्रवार को किसान मंडी के कारण रेलवे रोड पर जाम का लगना आम हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक स्थानीय पुलिस की ओर से इस समस्या के हल के लिए पहल भी की गई थी, लेकिन स्थानीय नगर पंचायत का पर्याप्त सहयोग न मिलने की वजह से बात सिरे नहीं चढ़ पाई। सूत्रों ने कहा कि पुलिस ने स्थानीय नगर पंचायत को कुछ अर्सा पूर्व मुख्य बाजार तथा रेलवे रोड पर पार्किंग के लिए स्थान चिन्हित करने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन तत्कालीन पदाधिकारियों ने उस सुझाव पर कोई खास रुचि नहीं दिखाई। चढ़तगढ़ के मनोज कुमार, नंगड़ा के लखवीर सिंह, रामपाल, दीदार सिंह, अनूप, प्रेम कुमार, त्रिलोकी नाथ, प्रेमचंद, बिहारी लाल तथा प्यारा सिंह ने प्रशासनिक प्रबंधों पर सवाल उठाते हुए कहा कि दुकानदारों का सामान सड़क तक पहुंच गया है, सड़क किनारे वाहन खड़े रहते हैं, ऐसे में राहगीर चले भी तो कहां?

इस मसले पर गौर करेंगे
नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन सिंह ने इस बाबत कहा कि त्योहारों के चलते सख्त रुख नहीं अपनाया गया। कमेटी बैठक में इस विषय पर अवश्य गौर किया जाएगा।

क्या कहता है पुलिस प्रशासन
डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि स्थानीय नगर पंचायत अगर पार्क़िग के लिए कोई जगह निश्चित करती है, तो इस समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकेगा। नो पार्किंग जोन में खडड़े होने वाले वाहनों के चालान काटे जा सकेंगे।

ऊना में भी बुरा हाल
ऊना शहर में भी अतिक्रमण के कारण सड़कें सिकुड़ गई हैं। बाजार में कई दुकानदारों ने अपना सामान सड़कों पर ही सजा रखा है। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। अतिक्रमण के कारण ही ऊना शहर में पुराना बस अड्डे से लेकर कालेज रोड तक हर रोज सड़क हादसे भी हो रहे हैं। एडिशनल एसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि ऊना शहर में भी अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस अभियान चलाएगी।

Related posts