आज बिलासपुर में हुंकार भरेंगे सीएम!

बिलासपुर। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बिलासपुर दौरे पर सबकी नजरें टिकी हुई है। प्रदेश की सत्ता संभालने के बाद वह पहली मुख्यमंत्री बिलासपुर में किसी बडे़ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। लोकसभा चुनाव सिर पर हैं और हुंकार भरने को नलवाड़ी मेले का मंच। अगले साल होने वाले आम चुनाव के लिहाज से भी उनका यह दौरा अहम माना जा रहा है। सीएम के दौरे पर कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी सियासत पर भी लोगों की नजर रहेगी।
अगले साल आम चुनाव होने जा रहे हैं। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले बिलासपुर जिला में वीरभद्र सिंह क्या सियासी हुंकार भरेंगे। इस सीट पर पहले पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल तो फिर उनके पुत्र अनुराग ठाकुर सांसद रहे। सुरेश चंदेल ने भी यहां का प्रतिनिधित्व किया है। सुरेश चंदेल तो लगातार तीन बार इस लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए। वर्तमान में जगत प्रकाश नड्डा राज्य सभा सांसद है। जो इसी क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं। जानकारों की मानें तो ऐसे में वीरभद्र सिंह सियासी बिलासपुर की धरा से चुनावी शंखनाद भी कर सकते हैं। उधर, सीएम के स्वागत के लिए कांग्रेसियों ने तैयारियां पूरी कर ली है। उनके स्वागत के लिए जगह-जगह तोरणद्वार सजाए जा रहे हैं। यहां आने पर वह घागस पुल का उद्घाटन करेंगे। चंगर में अटार्नी कार्यालय भवन का भी शिलान्यास करेंगे। इसके बाद शाम को सीएम का नलवाड़ी मेले के समापन समारोह में भाग लेने का कार्यक्रम है। वह गुर्ज के लिए होने वाली कुश्ती स्पर्धा का भी आनंद उठाएंगे। विजेता पहलवानों को पुरस्कार वितरित करेंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्षा संतोष धीमान ने कहा कि सीएम का कांग्रेसी जोरदार स्वागत करेंगे। इसकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है।

Related posts