अवैध शराब के खिलाफ मुखर हुई महिलाएं

नई टिहरी। थौलधार ब्लाक के उप्पू क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ महिलाएं मुखर हो गई हैं। अवैध बिक्री की सूचना पर पहुंची पुलिस का घिराव कर महिलाओं ने खूब खरी खोटी सुनाई और पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने पर भी शराब की बिक्री बंद नहीं हो रही है, जिससे गांव में महिलाआें का आना-जाना मुश्किल बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र ही शराब पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
उप्पू और डोबरा में लंबे समय से शरा के कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं। जिससे महिलाएं खासी परेशान हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रमोद नेगी की शिकायत पर जांच पड़ताल को उप्पू पहुंची पुलिस को वहां बड़ी संख्या में एकत्रित महिलाओं के गुस्से का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि पुलिस को सब पता होने के बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। शीघ्र ही शराब पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। कोटीकालोनी चौकी प्रभारी सुनील रावत ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान छेड़ा जाएगा। इस मौके पर लक्ष्मी देवी,वीना देवी, पूर्णा देवी, आनंदी देवी, फूलवती देवी, रामा देवी, उषा देवी, सीमा देवी, प्रमोद नेगी, शरत सिंह नेगी, अमर दास, रणवीर सिंह केवल दास और अजय प्रसाद आदि मौजूद थे।

Related posts