अब टोकन से होगी मरीजों की एंट्री

कुल्लू। जिला अस्पताल में मरीजों को अब टोकन सुविधा मिलेगी। डाक्टर के पास पर्ची जाम करने के बाद डाक्टर मरीजों को टोकन देगा और इन्हीं टोकन के आधार पर मरीजों का चेकअप के लिए एंट्री होगी। इससे मरीजों को लाइन में खड़ा होने से निजात मिलेगी। अस्पताल में मरीजों और लोगों की सुविधा के लिए एक सहायता कक्षा भी स्थापित किया जाएगा। यहां मरीजों को अस्पताल से संबंधित जानकारियां मिलेंगी। सोमवार को अस्पताल में हुई रोगी कल्याण समिति की बैठक में यह निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता डीसी कुल्लू राकेश कंवर ने की। इसमें मरीजों से संबंधित समस्याओं के अलावा अस्पताल के वित्तीय मसलों पर भी चर्चा की गई। समिति अध्यक्ष कंवर ने अस्पताल में मरीजों सुविधा के लिए दो अन्य काउंटर खोलने के साथ-साथ पर्ची बनाने का समय सुबह नौ बजे से बदलकर साढ़े आठ बजे किया है। डीसी ने अस्पताल प्रशासन को आदेश दिए कि बीपीएल के साथ-साथ जो भी गरीब मरीज हों, उन्हें दवाइयां और उनका इलाज आरकेएस की तरफ से मुफ्त किया जाए। भले ही गरीब मरीज के पास गरीब होने का प्रमाण हो या न हो। इसके अलावा अस्पताल की खास जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी विचार किया गया। मीटिंग में सीएमओ कुल्लू डा. बलदेव ठाकुर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. सुशील चंद्र, एसएमओ कमल कपूर, रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष आनंद मलिक सहित अन्य रोगी कल्याण समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Related posts