अब ऑनलाइन बनेंगे फूड लाइसेंस

कुल्लू। जिले में खाद्य सामग्री बेचने वाले विक्रेताओं के ऑनलाइन फूड लाइसेंस बनाए जाएंगे। इससे विभाग और विक्रेताओं को सहूलियत होगी। विक्रेता ऑनलाइन लाइसेंस का स्टेट्स खुद भी देख सकता है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मुहिम को तेज कर दिया है। जिले के हरेक उपमंडल में जाकर विभाग लाइसेंस का नवीनीकरण भी करेगा। जिले में पांच हजार से अधिक लाइसेंस बनाए जाएंगे।
जिले में खाद्य सामग्री में गड़बड़ी करने वाले विक्रेताओं पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। विभाग सप्लाई कंपनियों से लेकर विक्रेताओं तक शिकंजा कसेगा। कैंप के माध्यम से विक्रेताओं के लाइसेंस का नवीनीकरण किया जाएगा। खाद्य वस्तुओं को तैयार करने वाली कंपनियों और खाद्य विक्रेताओं की लगातार घटिया खाद्य वस्तुओं की सप्लाई के बाद विभाग ने कंपनियों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। विभाग दूसरे राज्य से यहां लाए जाने वाले वाहनों की भी जांच करेगा। अगर चालक के पास माल सप्लाई करने का लाइसेंस नहीं है या विभाग के मानकों को पूरा नहीं कर पाएगा तो वाहन को कब्जे में ले लिया जाएगा। विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सामग्री का कारोबार करने वाले व्यापारियों को लाइसेंस जारी करते समय व्यापारियों को इनके स्टोर करने के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कुल्लू भविता टंडन ने बताया कि खाद्य सुरक्षा तथा मानक अधिनियम 2006 के तहत खाद्य तथा पेय पदार्थों के विक्रेताओं को लाइसेंस का नवीनीकरण करवाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि लाइसेंस की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया जा रहा है। इससे विक्रेता अपने लाइसेंस का स्टेट्स भी खुद जान सकता है। वहीं, विभाग को भी रिजेक्ट लाइसेंस पर कार्रवाई करने पर आसानी होगी। उन्होंने बताया कि जिले में पांच हजार से अधिक लाइसेंस बनेंगे। उपमंडल स्तर पर जाकर कैंप के माध्यम से कार्रवाई को अमलीजामा पहनाया जाएगा।

Related posts