अब आमरण अनशन में बदला गया आंदोलन

बिलासपुर। ऑल इंडिया एड्स कंट्रोल वर्कर्स एसोसिएशन का मांगों को लेकर दिल्ली में चल रहा आंदोलन उग्र रूप धारण कर चुका है। एसोसिएशन पदाधिकारी मांगें पूरी नहीं होने के चलते अब आमरण अनशन पर बैठ गए हैं।
राष्ट्रीय कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के मिलने के बाद ऑल इंडिया एड्स कंट्रोल वर्कर्स एसोसिएशन ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते वीरवार को छह पदाधिकारी अनशन पर बैठे। इनमें से मध्य प्रदेश निवासी वीरेंद्रा गोस्वामी की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। मांगों की अनदेखी होने के चलते एसोसिएशन पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। राहुल गांधी द्वारा मांगें मानने से इंकार करने के बाद अब एसोसिएशन ने विपक्षी दलों से सहयोग लेने का मन बनाया है। प्रदेश अनुबंध कर्मचारी संघ अध्यक्ष विनोद कुमार बताया कि अनिश्चितकालीन हड़ताल में हिमाचल से भी पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। मांगे पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। कहा कि वर्तमान में देश भर के अस्पतालों में 35 हजार कर्मचारी सेवारत हैं। प्रदेश के अस्पतालों में एड्स कंट्रोल प्रोग्राम में करीब 250 कर्मचारी अनुबंध आधार पर पिछले कई सालों से सेवाएं दे रहे हैं। लेकिन न तो उनका वेतन, भत्ते बढ़ाए जा रहे हैं। न ही उन्हें नियमित किया जा रहा है। इससे इस वर्ग में केंद्र सरकार के खिलाफ गहरा रोष पनप चुका है। मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Related posts