अंद्रेटा टीम ने जीती कबड्डी प्रतियोगिता

अंद्रेटा/पंचरुखी (कांगड़ा)। कोर्ड संस्था की ओर से चलाए जा रहे युवती सशक्तिकरण कार्यक्रम में अंद्रेटा में कबड्डी मुकाबला करवाया गया। इसमें जयसिंहपुर के विधायक यादवेंद्र गोमा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में विवेकानंद जयंती के अवसर पर लड़कियों की कबड्डी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें खेले गए फाइनल मैच में अंद्रेटा टीम ने भरेड़ को टीम को हरा दिया। प्रतियोगिता में इलाके की करीब 16 टीमों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि यादवेंद्र गोमा ने कहा कि आज महिला अपने हुनर और क्षेत्र में सशक्त हों, इसके लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार कई नीतियां बना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही महिलाओं को सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि संस्था का कबड्डी प्रतियोगिता करवाने का उद्देश्य है कि ग्रामीण इलाके में रह रही युवतियों की प्रतिभा भी बाहर आए। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर पंचायत प्रधान रजनी देवी, सुनील कुमार, विरेंद्र जंवाल, बलदेव ठाकुर समेत कई लोग मौजूद रहे।

मैकलोडगंज में मनाई लोहड़ी
मैकलोडगंज। लोहड़ी पर्व के शुभ अवसर पर पर्यटन नगरी मैकलोडगंज के व्यापार मंडल के सदस्यों और स्थानीय दुकानदारों ने एकजुट होकर एक-दूसरे को इस पर्व की शुभकामनाएं दी। यहां मुख्य चौक पर स्थानीय लोगों ने पूजा-अर्चना करके लोहड़ी पर्व मनाया। व्यापार मंडल के प्रधान नरेंद्र पठानिया, उपाध्यक्ष के एमडी, महासचिव निर्मल सिंह, कोषाध्यक्ष मूलराज और टैक्सी यूनियन व आटो यूनियन के सदस्यों ने लोहड़ी के पर्व पर एक-दूसरे को बधाईयां दी हैं। प्रधान नरेंद्र पठानिया ने कहा कि आम जनमानस को इस पर्व को प्यार भावना से मनाना चाहिए।

Related posts