
गगरेट (ऊना)। दिल्ली के इंडिया गेट पर गैंग रेप के विरोध में शांति पूर्ण तरीके से विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों पर जिस तरह दिल्ली पुलिस ने बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया है, उससे देश शर्मसार हुआ है। इन लोगों में बुजुर्ग महिलाएं एवं युवतियां भी शामिल थीं। यह शब्द सेनानिवृत्त एसपी रमेश राज ने कहे। कहा कि पुलिस को शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे निर्दोष लोगों पर लाठीचार्ज करने का कोई भी अधिकार नहीं था और पुलिस के नियमों के अनुसार लाठीचार्ज के दौरान डंडे को कंधे के ऊपर से नहीं मारा जा सकता। लेकिन, दिल्ली पुलिस ने सभी नियमों को ताक पर रखकर कानून की धज्जियां उड़ाई हैं। उन्हाेंने कहा कि गैंग रेप के आरोपियों को मृत्यु दंड से कम कोई भी सजा मान्य नहीं होनी चाहिए। उन्हाेंने मांग की है कि दिल्ली में जिन पुलिस कर्मियों ने कानून अपने हाथ में लेकर निहत्थे लोगों पर लाठियां बरसाई हैं, उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जानी चाहिए। इस अवसर पर गुलाम मोहम्मद, वेद प्रकाश, अशोक कुमार एवं विनय शर्मा भी उपस्थित थे।