जंगली जानवर समझकर किया था फायर!

शाहतलाई (बिलासपुर)। झंडूता क्षेत्र के अंतर्गत जड्डू कुलजार के जंगल में गोली लगने से एक व्यक्ति की मृत्यु के मामले का पटाक्षेप हो गया है। पुलिस को दिए बयान में आरोपी ने कबूल किया है कि गोली उसी ने चलाई थी। आरोपी द्वारा किए गए खुलासे के आधार पर पुलिस इस घटना में प्रयुक्त की गई बंदूक कब्जे में लेने के लिए निकल पड़ी है। बंदूक के मालिक की भी तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि गत रविवार सुबह जड्डू कुलजार के जंगल में बंदूक से निकली गोली ने प्रताप सिंह नामक व्यक्ति की जान ले ली थी। दम तोड़ने से पहले प्रताप ने अपने किसी परिचित को फोन करके सूचित कर दिया था कि उसे सुरेश कुमार उर्फ जोगड़ राम ने गोली मारी थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने सुरेश को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में पुलिस को दिए बयान में सुरेश ने कहा कि गत रविवार को वह और प्रताप जंगल में इकट्ठे ही थे। इसके बाद वे दोनों अलग-अलग दिशाआें की ओर निकल गए। सुबह करीब सवा दस बजे उसे झाड़ियों में काफी तेज आवाज सुनाई दी। झाड़ियों में कोई जंगली जानवर होने के अंदेशे से उसने उस ओर गोली चला दी। गोली चलाते ही उसे किसी के चिल्लाने की आवाज आई। वह दौड़कर वहां पहुंचा तो प्रताप घायल अवस्था में पड़ा था। गोली उसके पेट में लगी थी। अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में सुरेश ने यह खुलासा भी किया कि उसके पास घराण निवासी मदन की बंदूक थी। घटना के बाद वह बुरी तरह से घबरा गया था और बंदूक उसने एक नाले में छिपा दी थी। इस खुलासे के आधार पर पुलिस बंदूक ढूंढ निकालने के लिए रवाना हो गई है। तलाई थाना प्रभारी परसराम ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। आरोपी ने बंदूक घराण निवासी मदन की होने की बात कही है। उसे भी जल्द ढूंढकर कब्जे में लिया जाएगा।

Related posts

Leave a Comment