
जम्मू। सैनिक कालोनी में एक दिन पहले दुर्घटना के बाद कार में आग लगने से तीन युवकों के जिंदा जलने की घटना में एक और सदस्य ‘बर्निंग कार’ में सवार था। उस शख्स ने खुलासा किया कि उसने आधे रास्ते में उनके साथ जाने से इंकार किया था। जिसके बाद ही उन्होंने उसे वापस छोड़ा था। अन्यथा वह भी हादसे का शिकार होता। पेशे से फोटोग्राफर योगेश ने बताया कि वह चंद्रभागा हाल में आयोजित विवाह समारोह में लड़की वालों की ओर से फोटोग्राफी करने गया था। लड़के वालों की ओर से पहुंचे संदीप और सुनील ने उन्हें देर रात कार में चलने को कहा। पहले तो वह इंकार करता रहा, लेकिन वे नहीं माने। इस पर वह बाथरूम के बहाने अंदर चला गया। लेकिन वे उसका इंतजार करते रहे। जब वह काफी देर के बाद लौटा तो वे फिर जिद करने लगे कि बस स्टैंड से चाय पीकर लौट आएंगे। उनकी जिद के कारण वह उनके साथ चला गया। शायद भगवान को कुछ और ही मंजूर था, जिसके कारण योगेश मौत के करीब जाकर वापस लौट आया। बकौल योगेश बस स्टैंड में चाय पीने के बाद वे कार में फिर सवार हुए तो वे कार को तवी पुल की ओर ले जाने लगे। उसने जब पूछा कि इस ओर क्यों जा रहे हो तो उन्होंने कहा कि थोड़ा घूम कर लौट आते हैं। लेकिन उसके साथ जाने से इंकार करने पर उनमें से एक ने कहा कि इन्हें वापस चंद्रभागा हाल छोड़ आते हैं। इसके बाद वे उसे चंद्रभागा छोड़ कर फिर कार में निकल गए। योगेश के अनुसार उस समय तीनों युवकों ने किसी प्रकार का नशा भी नहीं कर रखा था। बस स्टैंड से निकलने और फिर उसे चंद्रभागा वापस छोड़ने के दौरान भी उन्होंने नहीं बताया कि वे कहां और क्यों जाना चाहते हैं। रात भर काम के बाद वह सो गया और सुबह जब नींद खुली तो हादसे का उसे पता चला।