मैड़ी मेले में हजारों लोगों को डायरिया

मैड़ी (ऊना)। डेरा बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी में होली मेले पर पहुंचे हजारों श्रद्धालु डायरिया की चपेट में आ गए। इसका खुलासा मेला क्षेत्र में स्थापित की गई मेडिकल पोस्टों में दर्ज ओपीडी से हुआ है। डायरिया का सबसे अधिक कहर छोटी आयु के बच्चों पर टूटा। कई बच्चों को उनके परिजन गंभीर हालत के चलते वापस अपने क्षेत्रों में ले गए। मेला क्षेत्र में स्थापित पांच मेडिकल पोस्टों में लगभग 16 हजार मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई है। इनमें से अधिकांश डायरिया से संबंधित थे। डायरिया से पीड़ित श्रद्धालुओं में अधिकतर पंजाब के लोग हैं।
शनिवार को मैड़ी मेला पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हो गया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने अपने घरों की ओर कूच कर दिया। हालांकि, मैड़ी में वर्ष भर श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। मेले के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से मैड़ी स्थित पटवारखाने में स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किया था। यहां मेला समाप्ति तक लगभग 9 हजार से अधिक ओपीडी दर्ज की गई। चरणगंगा, नैहरियां, ज्वार तथा मैड़ी गुरुद्वारे के निकट स्थापित चेक पोस्टों पर लगभग 6 हजार ओपीडी दर्ज की गई है। खंड चिकित्सा अधिकारी अंब एवं मैड़ी मेला स्वास्थ्य अधिकारी डा. एसके वर्मा ने बताया कि मेले में अधिकांश मरीज डायरिया की शिकायतों वाले थे। खान-पान में सफाई का ध्यान न रखने के कारण डायरिया से श्रद्धालु पीड़ित हुए हैं। इनमें अधिकांश संख्या बच्चों की थी। मेला समाप्ति से दो दिन पूर्व यह संख्या ज्यादा दर्ज की गई है।
मेला अधिकारी एवं एडीएम दर्शन कालिया के मुताबिक इस बार मेले में श्रद्धालुओं की संख्या 40 लाख को भी पार कर गई है। पिछली बार यह संख्या करीब 37 लाख रही थी।

Related posts