
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल के आंगनबाड़ी केंद्र अवाह में ताले तोड़ चोरी करने का मामला प्रकाश में आया है। चोर आंगनबाड़ी केंद्र में ताले तोड़ कर राशन और अन्य सामान चुराकर ले गए। केंद्र में गैस सिलेंडर, चूल्हा, दो पतीले, गिलास व राशन भी गायब हैं। चोर गर्भवती महिलाओं व नन्हें बच्चों के पौष्टिक आहार का राशन भी चुरा ले गए।
अवाह गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शकुंतला देवी पत्नी सुनील कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा पुलिस में शिकायत के मुताबिक चोरों ने वीरवार रात को ताला तोड़कर आंगनबाड़ी केंद्र से राशन, सामान चुरा लिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुबह केंद्र में पहुंची तो ताला टूटा हुआ पाया तथा केंद्र से राशन व अन्य सामान गायब था।
चोरों ने ताला तोड़कर सरकारी सामान गैस सिलेंडर, चूल्हा, पाइप, रेगूलेटर, 15 कटोरियां, 15 चम्मच, दो निजी पतीले, ढक्कन चुरा लिए। इतना ही नहीं चोर आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों, महिलाओं को दिए जाने वाले राशन को चुराकर ले गए। राशन में 10 किलो दलिया, 12 किलो चीनी भी चुरा ले गए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। हमीरपुर डीएसपी लाल मन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
