कांग्रेस से छुटकारा पानी चाहती है देश की जनता : अनुराग

टौणीदेवी (हमीरपुर)। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश की जनता अब यूपीए सरकार से छुटकारा पाना चाहती है। उसके घटक दल भी साथ छोड़ रहे है। वीरभद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले हाथ से झोला छिना तथा अब मुंह से राशन भी छिना जा रहा है।
अनुराग शुक्रवार को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के सराहकड, टौणीदेवी, कडियार में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों के बाद टौणीदेवी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। यूपीए सरकार अब तक की सबसे निक्कमी, भ्रष्ट सरकार साबित हुई है। इसके चलते घटक दल भी उससे किनारा करने लगे हैं। देश में जनता अब भाजपा को सत्ता में देखना चाहती है। 2014 के लोकसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को पूरी तरह से साफ कर देगी। यूपीए के प्रमुख घटक दल के सदस्य मुलायम सिंह यादव ने भी कांग्रेस को अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार करार दिया है।
काले धन के मुद्दे पर भी अनुराग ने केंद्र सरकार को आडे़ हाथ लिया। कांग्रेस के कई नेताओं का भी विदेशों में काला धन जमा है। इसके चलते यूपीए सरकार कांग्रेस नेताओं का बचाव कर रही है। उन्होंने कहा कि वह जनता की मांगों को लेकर सड़क से संसद तक सक्रिय रहे हैं तथा आगामी समय में भी क्रम को जारी रखा जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह आगामी लोकसभा चुनावों में रिकार्ड जीत हासिल करने के लिए अभी से जुट जाएं।
पूर्व विधायक उर्मिल ठाकुर, मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर, महामंत्री सतपाल शर्मा, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी विजय सोहारू, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र अत्री, जिला भाजपा उपाध्यक्ष विजय बहल, हिमकोफेड के पूर्व अध्यक्ष अजीत चौहान, जिला परिषद अध्यक्ष सरला डोगरा, टौणीदेेवी पंचायत समिति अध्यक्ष अनीता चौहान, तिलक बहल, दिनश चौहान, रोषन लाल रांगडा, राजीव ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related posts