पुलिस को मिला चोरियों का अहम सुराग

सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल में हुई चोरियों का सुराग पुलिस के हाथ लग गया है। इस सिलसिले में पुलिस ने एक आरोपी को धर दबोचने का दावा किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार उपमंडल के कोठुआं और सकलाना में हुई लगातार चोरी की वारदातों के चलते सरकाघाट पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने इस सिलसिले में कांगड़ा में कार्यरत कोठुआं निवासी को पकड़ने का दावा किया है। उसका नाम गुप्त रखा गया है। अभी उससे पूछताछ जारी है। एसएचओ सरकाघाट बहादुर सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर उन्होंने सिलसिले वार हो रही चोरियों को अंजाम देने वाले गिरोह पर नजर रखी थी। पकड़ा गया आरोपी हाल ही में अपने पैतृक गांव आया हुआ था। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए उसे हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ करने पर उसने सिलसिलेवार की गई चोरियों के बारे में बता दिया है। अतिरिक्त एसएचओ रीता शर्मा और एएसआई परेश कुमार एवं आरक्षी राकेश के माध्यम से आरोपी को पकड़ने में कामयाबी हासिल की गई है। आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर रखा गया है। पुलिस उसके द्वारा बताए गए आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही है। चोरों ने पिछले दिनों कोठुआं में एक ही दिन में तीन घरों के ताले तोड़कर लाखों के गहने उड़ा लिए। इसके अलावा तीन हजार की नकदी भी चुरा ली थी। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।

Related posts