
बड़सर (हमीरपुर)। सल्फास निगलने वाली महिला और उसके बेटे ने भी दम तोड़ दिया। बड़सर उपमंडल के रगड़ राजपूतां में बुधवार को महिला ने बेटे और बेटी के साथ सल्फास निगल लिया था। बेटी की मौत हो गई थी। बेटे ने अस्पताल ले जाते समय भोटा के पास दम तोड़ दिया। महिला ने टांडा अस्पताल में आखिरी सांस ली। बताया जा रहा है कि डिप्रेशन में जाने पर महिला ने यह कदम उठाया है। हमीरपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए। जबकि, टांडा अस्पताल में महिला का शव पोस्टमार्टम के बाद घर लाया गया। एक साथ तीन मौतों के बाद ग्रामीण सकते में आ गए हैं। यहां की ज्योली देवी पंचायत के गांव रगड़ राजपूतां में महिला ने दो बच्चों के साथ सल्फास निगल लिया था। परिजनों ने महिला, बच्चों को बड़सर अस्पताल में पहुंचाया। पांच साल की बेटी ने बड़सर अस्पताल में दम तोड़ दिया था। तीन साल के बेटे की मौत भोटा के पास हुई। महिला की टांडा अस्पताल में मौत हो गई। दोपहर बाद गांव में परिजनों ने दोनों बच्चों को दफन कर दिया तथा महिला का दाह संस्कार कर दिया।
