
बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल के टिक्करी डुहकी गांव की 24 वर्षीय विवाहिता अर्चना की घर में खाना बनाते समय बुरी तरह झुलस जाने से मौत हो गई। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज करने के बाद किसी भी प्रकार का मामला दर्ज नहीं किया है। घटना के तुरंत बाद उपमंडलीय चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती की गई अर्चना की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे टीएमसी के लिए रैफर कर दिया था, बाद में टीएससी में उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार अर्चना 90 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी।
पुलिस के अनुसार अर्चना मंगलवार सुबह घर में गैस पर खाना पका रही थी कि अचानक दुपट्टे में आग लगने से झुलस गई। मंडी जिला के पधर की रहने वाली अर्चना की शादी पपरोला में निजी कार्य करने वाले टिक्करी डुहकी निवासी अमित कपूर के साथ एक सप्ताह पूर्व शिवरात्रि को हुई थी। थाना प्रभारी राजिंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अर्चना के बयान लेने के बाद किसी भी प्रकार का मुकदमा दर्ज नहीं किया है। लेकिन 174 सीआरपीसी के तहत मामले की जांच की जा रही है।
