पूर्व प्रधान को पौने दो लाख की रिकवरी

बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल बैजनाथ की एक पंचायत की पूर्व महिला प्रधान को रिकवरी के आदेश हुए हैं। ग्राम पंचायत फटाहर की पूर्व प्रधान के कार्यकाल 2009 में करनाथू में बनाए गए खेल के मैदान में धन के दुरुपयोग के आरोप कोे जांच के बाद सही पाया गया है। इस पर संबंधित विभाग ने पूर्व प्रधान को एक लाख 77 हजार रुपए की रिकवरी ठोंकी है।
करनाथू गांव के विरेंद्र कुमार और पूर्व पंचायत समिति सदस्य निर्मल कपूर द्वारा की गई शिकायत पर कार्रवाई करते हुए स्थानीय बीडीओ द्वारा की गई जांच में उक्त कार्य में धन के दुरुपयोग को सही पाया गया है। जिला पंचायत अधिकारी ने 15 दिन के भीतर राशि को पंचायत में जामा करवाने के आदेश दिए हैं। जांच में पाया गया है कि खेल के मैदान का निर्माण जेसीबी से करवाया गया है। लेकिन कार्य के लिए अन्य स्थानों पर 32 मजदूरों की फर्जी हाजिरियां दर्शाई गई हैं। वहीं कार्य में काफी मात्रा में पत्थर निकला है लेकिन इसको दस्तावेजों में नहीं दर्शाया गया है और पत्थर खरीद के लिए निविदा आमंत्रित नहीं की गई है। इसके अतिरिक्त मोहिंद्र सिंह की दुकान से गंदर्भ सिंह के घर तक 29 क्रेट लगाए दर्शाए गए हैं। लेकिन मौके पर 16 क्रेट ही पाए गए हैं। दूसरी तरफ शिकायतकर्ता निर्मल कपूर ने सीएम से पंचायत में किए गए अन्य कार्यों की जांच की भी मांग की है। बीडीओ कार्यालय के अधीक्षक दीप चंद ने मामले की पुष्टि की है।
उधर, पूर्व प्रधान कांता देवी ने कहा कि वह किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हैं। उक्त विकास कार्यों में जितनी भी पेमेंट हुई है, वह जेई की असेसमेंट के आधार पर ही हुई है।

Related posts