महिला क्लर्क की नियुक्ति पर सवाल

ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में एक महिला क्लर्क की नियुक्ति को लेकर बवाल मच गया है। यह नियुक्ति किसने की है, कब की है और कैसे की है, इस संदर्भ में कोई नहीं जानता। क्षेत्रीय अस्पताल में अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक इस मामले की चर्चा जोरों से चल रही है। हर कोई इस नियुक्ति से हैरान है। इतना ही नहीं अंदरखाते इस प्रकरण पर विभाग की ओर से छानबीन भी आरंभ कर दी गई है। लेकिन, मामले को बाहर निकालने से हर कोई गुरेज ही कर रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस मामले में अधिकारियों सहित और भी कई लोगों के नपने का अंदेशा है।
क्षेत्रीय अस्पताल में बैक डोर से हुई इस एंट्री को अस्पताल में कैश काउंटर जैसा अहम जिम्मा सौंपा गया था। मामला सामने आने के बाद जल्द ही उसे वहां से हटा दिया गया है। जिसे जल्द ही सेवा मुक्त करने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। हाल-फिलहाल उक्त महिला कर्मचारी की नियुक्ति सभी की उत्सुकता का कारण बनी हुई है। अस्पताल के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पहले सभी लोग कर्मचारी के तबादले के कारण महिला की तैनाती के बारे में सोचते रहे। लेकिन, बाद में मामला कुछ और ही निकल कर सामने आ गया। इस संदर्भ में पूछे जाने पर सीएमओ डा. जीआर कौशल ने बताया कि कैश काउंटर में विभाग का नियमित कर्मचारी ही काम देख रहा है। महिला कर्मचारी के संदर्भ में छानबीन की जा रही है

Related posts