
थानाकलां (ऊना)। विकास खंड बंगाणा के पंचायत प्रतिनिधियों ने पंचायत घरों में रात के समय चौकीदारों की नियुक्ति की मांग की है। इनका कहना है कि पंचायत घरों में रात के समय चौकीदारों की व्यवस्था न होने से विकास खंड की दो पंचायतों धुंधला एवं बुधान से कंप्यूटर, प्रिंटर एवं अन्य दस्तावेज चोरी हो चुके हैं। प्रधान महेंद्र सिंह, रघुवीर सिंह, केवल सिंह, मदन लाल, चंद्र कुमार, ब्रह्मी देवी, रमेश चंद, गुरदेव सिंह, होशियार सिंह, उर्मिला देवी का कहना है कि पंचायत घरों में प्रत्येक गांव के प्रत्येक व्यक्ति का रिकार्ड दर्ज होता है और हजारों रुपये का सामान भी होता है। चौकीदार की तैनाती न हो पाने से सुनसान जगह पर बने पंचायत घरों में चोरी होने की संभावना हर समय बनी रहती है। विकास खंड के पंचायत प्रतिनिधियों ने दिन के समय पंचायत घरों में काम करने वाले चौकीदारों की रात के समय में भी पंचायत घरों की निगरानी एवं इनका मानदेय बढ़ाने की मांग प्रदेश सरकार से की है।
