कांग्रेसियों ने बागवानों से किया धोखा : भाजपा

जुब्बल (शिमला)। भाजपा मंडल जुब्बलकोटखाई ने केंद्र सरकार पर बजट में सेब की अनदेखी का आरोप लगाया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष लायक राम चौहान तथा उमेश शर्मा ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि केंद्र में सेब की पैरवी करने वाला कोई नहीं है। हिमाचल प्रदेश के सेब उत्पादकों ने पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पर अपना विश्वास दिखाया था। अब कांग्रेस नेताओं ने सेब बागवानों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में नारियल की खेती के लिए तो 75 हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। लेकिन, सेब के लिए बजट में कुछ भी नहीं किया गया। बागवान सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने की मांग लंबे समय से कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार ने सेब पर आयात शुल्क नहीं बढ़ाया है। हिमाचल प्रदेश सेब के लिए जाना जाता है। प्रदेश में सेब का कारोबार दो हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। लेकिन, आयात शुल्क न बढ़ना प्रदेश कांग्रेस सरकार की विफलता का परिणाम है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समय में सेब बागवानों को विशेष राहत मिली थी, जब से केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी है, हिमाचल के बागवानों को एक रुपये की भी राहत नहीं मिली है। कांग्रेस नेता मात्र बागवानों को झूठे आश्वासन देकर गुमराह कर रहे हैं। आयात शुल्क न बढ़ने से हिमाचली सेब सस्ते दामों पर बिक रहा है। बागवानों को मिलने वाली सब्सिडी को भी कम किया गया गया है। खाद की कीमतें आसमान छू रही हैं। उन्होंने बताया कि अगर बागवानों की अनदेखी जारी रही तो भाजपा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। बागवानों के हितों की अनदेखी सहन नहीं की जाएगी।

Related posts