
शिमला। आज से लोकल रूटों पर एचआरटीसी बसों की किल्लत आपको सताएगी। निजी स्कूलों में नया सेशन शुरू हो गया है। पूरा सेशन समस्या बने रहने के आसार हैं। एचआरटीसी की लोकल रूटों पर चलने वाली करीब 53 बसें आज से स्कूल टाइम पर चलेंगी। सुबह 7 से 10 और शाम 2 से 5 बजे के बीच बसें स्कूली बच्चाें को लाने और ले जाने का काम करेंगी। राजधानी में प्राइवेट स्कूल खुल रहे हैं। ऐसे में बच्चों को स्कूल पहुंचाने और घर छोड़ने के लिए एचआरटीसी की करीब 53 लोकल बसें सेवाएं देंगी। बसों के स्कूल टाइम पर होने के कारण अन्य बसों में ओवरलोडिंग बढ़ सकती है।
शहर में जेएनएनआरयूएम की लाल बसें लोकल रूटाें पर लोगों को परिवहन सेवा दे रही हैं, हालांकि इनमें से बहुत सी बसें ग्रामीण रूटों पर भी चलाई जा रही हैं। बावजूद आवाजाही के लिए शहर के लोगों की पहली प्राथमिकता लाल बसें ही हैं। निगम के येलो कार्ड धारक एचआरटीसी बसों में आवाजाही को प्राथमिकता देते हैं। इतना ही नहीं शहर में प्राइवेट बसों के आपसी कंपीटीशन के चलते सवारियों को पेश आने वाली दिक्कत के चलते निगम की बसें लोगों की पहल पसंद हैं। वीरवार से निगम की बसें स्कूल टाइम पर चलेंगी। ऐसे में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। चक्कर, टुटु, समरहिल तथा बालूगंज से बाईपास होते हुए सचिवालय और कुसुम्पटी जाने वाले यात्रियों को सामान्य के मुकाबले कम बसें चलने के कारण दिक्कत पेश आने की संभावना है।
—–
व्यवस्था बनने के होंगे प्रयास : सेन
एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक अनिल सेन ने बताया कि बसों के स्कूल टाइम पर चलने से सामान्य यात्रियों को असुविधा नहीं होने दी जाएगी। संबंधित क्षेत्रीय प्रबंधक को व्यवस्था बनने के निर्देश दिए गए हैं।
—
कहां कितनी बसें स्कूल टाइम पर
बस स्टैंड – 24
संजौली – 13
न्यू शिमला – 16
—
न्यू शिमला में सिर्फ एचआरटीसी सर्विस
राजधानी के उपनगर न्यू शिमला से परिवहन व्यवस्था का पूरा जिम्मा एचआरटीसी पर है। स्कूल खुलने पर वीरवार से न्यू शिमला के लिए बस सर्विस कम हो सकती है।
—
टूटीकंडी बाईपास पर भी दिक्कत
टूटीकंडी बाईपास रोड पर वीरवार से लोगों को सुबह तथा शाम एचआरटीसी सर्विस की कमी झेलनी पड़ सकती है। इस रूट पर सवारियों को लाने ले जाने का जिम्मा एचआरटीसी बसों पर ही है।
—-
जिला कचहरी को प्रभावित रहेंगी सेवाएं
ओल्ड बस स्टैंड से चक्कर स्थित न्यायिक परिसर के लिए सुबह 9 से शाम 5 बजे तक हर 10 मिनट में चलने वाली लोकल बस सर्विस भी वीरवार से प्रभावित हो सकती है।
