
हमीरपुर। पुलिस अधिकारियों और थानों के नंबर अब सार्वजनिक स्थानों पर भी अंकित होंगे। शहर के विभिन्न स्थानों को चिन्हित किया जाएगा और नंबर अंकित होंगे। महिला सुरक्षा को लेकर हमीरपुर पुलिस ने एक और पहल की है। जिले के साथ साथ बाहरी राज्यों के नागरिक भी पुलिस की सहायता ले सकेंगे।
महिला सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने पहले ही थाना स्तर पर महिला कांस्टेबलों की तैनाती कर दी है। इससे कुछ हद तक अपराधिक घटनाओं पर अंकुश तो लगा है लेकिन पूर्ण रूप से अंकुश संभव नहीं है। इसके चलते पुलिस प्रशासन ने जिले भर में पुलिस अधिकारियों के दूरभाष नंबर अंकित करने का निर्णय लिया है।
दूरभाष नंबर शहरों में बोर्डों और सार्वजनिक दीवारों पर अंकित किए जाएंगे। संबंधित क्षेत्र के थाना, थाना प्रभारी, पुलिस उप-अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक के मोबाइल नंबर और लेंडलाइन नंबर अंकित किए जाएंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केजी कपूर ने पुष्टि करते हुए बताया कि महिला सुरक्षा के मद्देनजर जिले में पुलिस थानों और संबंधित अधिकारियों के दूरभाष नंबर अंकित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए जल्द ही कवायद शुरू कर दी जाएगी।
