एनएच-88 पर दस घंटे जाम

डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-88 पर गसोती खड्ड पर बनी पुली पर कंटेनर के फंसने से जाम लग गया। एनएच पर यातायात करीब दस घंटे से अधिक समय तक बाधित रहा। वाहनों को अन्य संपर्क मार्गों से गुजरना पड़ा। वाहन चालकों और यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यात्रियों में सुरेश कुमार, नितिन कुमार, प्रदीप कुमार, सोहन लाल, नवीन कुमार, रोहित कुमार, मुकेश कुमार का कहना है कि एनएच-88 पर गसोती पुली पर कंटेनर फंसने से यातायात बुधवार को रातभर अवरुद्ध रहा। सड़क के दोनों किनारे वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
ऐसे में यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानियों से जूझना पड़ा है। यातायात अवरुद्ध होने से वाहन चालकों को वाया लंबलू होकर करीब छह किमी का अतिरिक्त सफर कर जाना पड़ा। धरोग के पास भी ट्रक फंसने से यह रास्ता भी कुछ देर के लिए बंद हो गया। वीरवार सुबह कड़ी मशक्कत के बाद कंटेनर को पुल से हटाया गया। कंटेनर के फंसने से सुबह के समय कर्मचारियों और छात्रों को स्कूल पहुंचने में भी परेशानी से जूझना पड़ा। पुली के तंग होने से कंटेनर एनएच मार्ग पर फंसा। हमीरपुर से भोटा तक राष्ट्रीय राजमार्ग-88 पर करीब आधा दर्जन पुलियां है जो सिंगल लेन हैं और दुर्घटनाओं को न्योता दे रही हैं। उधर, एनएच विभाग के अधिशाषी अभियंता सतीश नाग का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 88 के अवरुद्ध होने की कोई सूचना नहीं है।

Related posts