
ऊना। उद्योगपति विनोद कुमार जैन की गोली मारकर हत्या की वारदात में पुलिस हत्यारोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है। सोमवार को आईजी राकेश अग्रवाल ने भी ऊना पहुंचकर घटना स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ऊना पुलिस को विशेष दिशानिर्देश भी जारी किए। उन्होंने मर्डर केस में और साक्ष्य जुटाने को कहा है।
हत्या के आरोप में रिमांड पर चल रहे राजीव कुमार कौशल, अरुण कुमार उर्फ मणि और सुनील कुमार उर्फ चरणा से पुलिस कड़ी पूछताछ कर रही है। इन्हें मंगलवार को फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसपी रविंद्र शर्मा ने कहा कि न्यायिक हिरासत में चल रहे मर्डर केस के मास्टरमाइंड प्रदीप कुमार गुप्ता और अनिल कुमार उर्फ सेठू को भी पुलिस रिमांड में लिया जाएगा। उनसे पूछताछ एवं बरामदगी शेष है। इन दोनों को पुलिस रिमांड में लेने के लिए पुलिस ने न्यायालय में अरजी दायर कर रखी है। न्यायालय से अनुमति मिलते ही इन्हें रिमांड में लेकर इनसे भी कड़ी पूछताछ शुरू की जाएगी।
एसपी ने कहा कि आईजी ने भी ऊना पहुंचकर मृतक उद्योगपति विनोद कुमार जैन की फै क्टरी का दौरा किया। उस जगह को भी उन्होंने देखा जहां उद्योगपति की गोलीमार हत्या की गई थी।
