

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हिमाचल में बीते कुछ दिनों से फर्जी डिग्री का मामला सुर्खियों में है। भाजपा से संबंध रखने वाले और अन्य छात्र संगठनों ने निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग की तालाबंदी तक कर दी है। प्रदेश भर में इसको लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं। इस मामले को लेकर देश भर में हिमाचल की बदनामी हो रही है। निजी विश्वविद्यालयों पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। विद्यार्थियों की डिग्रियों पर सवालिया निशान लग रहे हैं। शिक्षा मंत्री की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं आया है।
ऐसे में कांग्रेस को मामला उठाना पड़ रहा है। इस पर शिक्षा मंत्री ने बताया कि यूजीसी को अज्ञात शिकायत हुई है। शिकायत में देश भर के 18 निजी विश्वविद्यालयों पर आरोप लगे हैं। इनमें हिमाचल के दो निजी विवि हैं। केंद्रीय विजिलेंस कमीशन के अनुसार बिना नाम की शिकायत पर जांच नहीं होती है। इसके बावजूद यूजीसी से आए पत्र को प्रधान सचिव शिक्षा ने निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग को भेजा है।
