गणतंत्र दिवस पर हिमाचल में अलर्ट जारी

 शिमला
शिमला में सुरक्षा बल तैनात
हिमाचल की राजधानी समेत सभी जिला मुख्यालयों पर रविवार को गणतंत्र दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गणतंत्र दिवस को देखते हुए हिमाचल में अलर्ट जारी किया गया है और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सभी मंदिरों व प्रोजेक्टों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

रविवार को राजधानी में होने वाले प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज भी प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। राजधानी आने वाले सभी रास्तों पर नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। वहीं, सभी सीमांत जिलों में भी नाकाबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग की व्यवस्था की गई है।

पंजाब व जम्मू कश्मीर से लगने वाली सीमा से सटे इलाकों में ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है। डीजीपी सीताराम मरडी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए सभी जिलों के एसपी को पहले ही निर्देश भेजे जा चुके हैं।

Related posts