
चंडीगढ़ : जाट आरक्षण आंदोलन में जाटों के खिलाफ मुखर रवैया अपनाने वाले कुरुक्षेत्र के भाजपा सांसद राजकुमार सैनी पर स्याही फैंकने के मामले में अब सियासत तेज हो गई है। हालांकि अभी भी भाजपा के कुछ मंत्री व नेता इस घटना से इत्तेफाक नहीं रख रहे हैं, लेकिन भाजपा के कई नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए सैनी की सुरक्षा बढ़ाने की बात कही।
वजह साफ है कि बेबाक बोलने वाले सैनी पिछले दिनों अपनी ही सरकार के कई मंत्रियों पर सीधे तौर से हमला बोल चुके हैं। लिहाजा रविवार को हुए घटनाक्रम में उन नेताओं ने चुप्पी साधी हुई हैं। मुख्य विपक्षी दल इनैलो ने इसे महज नाटक करार दिया है तो वहीं कांग्रेस के कई नेताओं ने अपरोक्ष तौर से सैनी का समर्थन करते हुए स्याही फैंकन वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
स्याही फैंकने जैसी हरकतें गलत: जैन
हरियाणा भाजपा के मीडिया प्रमुख राजीव जैन ने कहा कि सांसद राजकुमार सैनी पर स्याही फैंकने के मामले की भाजपा निंदा करती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन स्याही फैंकने जैसी हरकतें ठीक नहीं हैं। जैन ने कहा कि सैनी भाजपा के सांसद हैं और पार्टी पूरी एकजुटता के साथ इस घटना की ङ्क्षनदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करती है।
लोकतंत्र के लिए ऐसा माहौल ठीक नहीं: कै. अजय
पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव ने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। कहा कि लोकतंत्र के लिए ऐसा माहौल ठीक नहीं है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
सरकार करवाएगी घटना की जांच: जवाहर
हरियाणा हाऊसिंग बोर्ड के चेयरमैन जवाहर यादव ने कहा कि सांसद राजकुमार सैनी पर स्याही फैंककर हमला करना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार इस पूरे मामले की जांच करवाएगी और जरूरत पड़ी तो जांच के बाद सरकार सैनी की सुरक्षा बढ़ाने पर भी फैसला लेगी।

