बर्फ में गले लोनिवि के ढाई करोड़

भरमौर (चंबा)। भरमौर उपमंडल में हाल ही में हुई बर्फबारी से लोक निर्माण विभाग को लगभग ढाई करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक बर्फ बारी के कारण लोक निर्माण विभाग के भरमौर डिविजन के तहत आने वाले चार डिवीजन में भारी नुकसान हुआ है। भरमौर, गरोला और होली में विभाग को ठीकठाक नुकसान हुआ है। वहीं, राख मेें कम नुकसान हुआ है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल संग्राय ने कहा कि चंबा-भरमौर मार्ग पर स्थित लूणा के पास चट्टान गिरने और भारी भूस्खलन होने के कारण विभाग को 50 लाख रुपये की चपत लगी है। इसके अलावा भरमौर, गरोला और होली में भी बर्फ बारी के कारण कई सड़कों के डंगे गिर गए हैं। इसके अलावा सड़कों पर मलबा आ गया है। इस मलबे को हटाने के लिए विभाग की ढाई करोड़ की राशि खर्च होगी। उल्लेखनीय है कि भारी बर्फबारी के कारण भरमौर-गरिमा-सियुंर, भरमौर-बड़ग्रां, भरमौर-सूपा, भरमौर-चौबिया, ढकोग -तरेला समेत कई लिंक रोड बंद पड़े हुए हैं। गौर रहे कि अभी भी चंबा-भरमौर मार्ग बड़े वाहनों के लिए नहीं खुल पाया है। हालांकि छोटे वाहनों के लिए मार्ग को खोल दिया गया है और इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल संग्राय ने कहा कि छोटे वाहनों के लिए चंबा-भरमौर मार्ग को खोल दिया गया है। इस मार्ग को बड़े वाहनों के लिए शीघ्र खोल दिया जाएगा।

Related posts