पंडोगा में ट्रक से 349 टीन बिरोजा पकड़ा

हरोली: पुलिस के एसआईयू दल ने पंडोगा के पास एक ट्रक का पीछा करके 349 टीन बिरोजा बरामद किया। ट्रक सवार ट्रक को मौके पर ही छोड़कर ट्रक के साथ चल रही एक अन्य कार में सवार होकर फरार हो गया। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसआईयू दल ने शुक्रवार देर रात पंडोगा के पास नाका लगाया था। इस दौरान एक ट्रक होशियारपुर की तरफ गया। शक के आधार पर पुलिस ने जब कार द्वारा पीछा करके ट्रक को रुकने का इशारा किया तो ट्रक चालक ने ट्रक को नहीं रोका जिस पर पुलिस ने ट्रक के आगे कार को खड़ाकर ट्रक को रोक लिया। इस दौरान चालक ट्रक के पीछे आ रही कार में बैठ कर होशियारपुर की तरफ भाग गया जिसका पुलिस ने पीछा किया लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आए।

 

इस दौरान एसआईयू टीम ने ट्रक की तलाशी ली तो उसके अंदर 349 टिन बिरोजा बरामद किया गया। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि इस संदर्भ में ट्रक चालक के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम की धारा 41, 42 व आईपीसी की धारा 379 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related posts