आग की लपटों ने उसे दी दर्दनाक मौत

घर में आग लगने से जिंदा जला व्यक्ति
कुल्लू जिला के सुमली में हुई आगजनी की घटना में एक व्यक्ति जिंदा जल गया। जबकि ढाई मंजिल का लकड़ी से बना घर भी जल कर स्वाह हो गया है। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

लेकिन आग इतनी भयानक थी कि लोग चाह कर भी ईश्वर को नहीं बचा सके। हादसे के समय ईश्वर अपने कमरे में सो रहा था।
मंगलवार को समूचे सुमली गांव में सायर का त्योहार बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा था।

ऐसे में अचानक ईश्वर नंद के घर में चिंगारी सुलग उठी। जिसमें जहां ईश्वर की मौत हो गई और आगजनी में लाखों रूपये की संपत्ति भी स्वाह हो गई। आग लगने का कारण फ्रीज में धमाका होना बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार मंगलवार को ईश्वर के घर में आगजनी की घटना पेश आई है। दिन दिहाड़े उसक मकान से धुंआं उठता देख सारे गांव में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग को भी सूचना दी गई।

ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश

ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश
इस बीच ग्रामीणों ने अपने स्तर पर ही बाल्टियों और स्प्रे पंप से आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया। लेकिन काष्ठकुणी शैली में निर्मित इस मकान से उठ रही गगनचुंबी लपटों के आगे उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए।

मकान में लगी लकड़ी ने आग में घी का काम किया। फायर ब्रिगेड के दमकल वाहन के पहुंचने तक बहुत देर हो चुकी थी। मनाली विकास मंच के उपाध्यक्ष देवेंद्र नेगी ने बताया कि सुमली की खराब सड़क पर जीप भेजने के बजाय दमकल विभाग ने बड़ा फायर टैंडर भेज दिया।

जिसके चलते वह समय पर मौके पर पहुंच कर आग नहीं बुझा पाया। बताया जा रहा है कि मृतक ईश्वर दास आगजनी की घटना के दौरान कमरे में सोया हुआ था।

आग इतनी भयानक थी कि उसे कमरे से बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। वहीं डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts