दिनदहाड़े नकदी और जेवर साफ

अंब (ऊना)। उपमंडल के चुरड़ू में शनिवार को दिनदहाड़े चोरों ने एक घर में सेंधमारी कर दहशत फैला दी। चोर लाखों के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर गए। घटना के दौरान परिवार के सभी सदस्य खेतों में गए थे। जब घर के मुखिया का बेटा खेत से घर खाना लेने पहुंचा तो पूरी घटना का पता चला। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक गुरदयाल सिंह निवासी चुरड़ू अपने परिवार के साथ खेतों में काम करने गए थे। शनिवार को करीब साढ़े 11 बजे उन्हाेंने अपने लड़के को खाना लेने घर भेजा। जब उनका लड़का घर पहुंचा तो घर का ताला टूटा देख घबरा गया। उसने भागकर घरवालों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद सभी घर की ओर भागे। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात का जायजा लिया और आगामी कार्रवाई शुरू की। पुलिस के मुताबिक गुरदयाल के घर से चोर करीब 20 हजार रुपये नकद और करीब पांच तोले सोने के गहने लेकर गए हैं। चाैंकाने वाली बात यह है कि गहनों से कुछ दूरी पर करीब 15 हजार रुपये रखे हुए थे, जिन्हें चोरों ने हाथ नहीं लगाया। पुलिस को शक है कि यह चोर गिरोह सिर्फ सोने-चांदी के आभूषणों को ही निशाना बनाता है। आभूषण के साथ रखी नतदी हाथ लगी तो वह भी चोरों ने उड़ा ली। लेकिन, कुछ दूर रखे रुपये चोरों के हाथ नहीं लगे।
कोट्स
डीएसपी अंब सागर चंद्र ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज किया गया है। चोरीशुदा आभूषण, नकदी की बरामदगी और चोरों की धरपकड़ के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।

Related posts