इराक में फंसे ऊना के आधा दर्जन युवक

ऊना। संघर्ष से जूझ रहे इराक में ऊना जिले के भी पांच युवक फंस गए हैं। ऊना के इन युवकों के साथ हिमाचल के विभिन्न इलाकों के भी अन्य करीब बीस लोग वहां फंसे हुए बताए जा रहे हैं।
ऊना के भड़ोलियां कलां निवासी सन्नी सिंह पुत्र महेंद्र सिंह, पनोह निवासी देसराज, नंगड़ा निवासी नरेश कुमार, बढेड़ा हरोली निवासी दारा सिंह पुत्र गुरवचन सिंह, पंजावर निवासी दीपक पुत्र गुरवचन सिंह इराक के आतंक प्रभावित क्षेत्र करबला में हैं। दारा सिंह के भाई संजीव ने बताया कि दारा सिंह का शुक्रवार सुबह दस बजे फोन आया था। दारा सिंह ने उन्हें बताया कि यहां माहौल बहुत खराब है। यह भी कहा कि उनके साथ अन्य भारतीय भी हैं। दारा सिंह ने परिजनों को बताया कि हिमाचल के अन्य लोग भी यहां फंसे हुए हैं। सन्नी सिंह के पिता महेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें भी दो दिन पहले उनके बेटे का फोन आया था। सन्नी वहां के हालात देखकर घबराया हुआ था। सन्नी ने अपने पिता महेंद्र को बताया कि उसके साथ हिमाचल के बिलासपुर, मंडी समेत राज्य के अन्य इलाकों के करीब 20 लोग हैं।
महेंद्र ने बताया कि उनका इंजीनियर बेटा 16 फरवरी 2014 को इराक गया था। महेंद्र के मुताबिक जिस तरह सन्नी ने उनसे फोन पर बात की, उससे लग रहा है कि सन्नी तथा उसके साथ अन्य सभी लोगों का अपहरण हो गया है। अब सन्नी का फोन बंद आ रहा है। फोन पर भी गोलियों और धमाकों की आवाज सुनाई दे रही थी। महेंद्र ने उपायुक्त अभिषेक जैन को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि उनके बेटे को बचाएं। उपायुक्त ने उन्हें आश्वस्त किया कि मांगपत्र मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव कार्यालय को भेजेंगे।

Related posts