महेंद्र ने भाजपाइयों को दिए चुनावी टिप्स

कुल्लू। भारतीय जनता पार्टी जिला कुल्लू के पदाधिकारी, मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री तथा मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को भारतीय जनता पार्टी के मोर्चा प्रकोष्ठों के राष्ट्रीय संयोजक महेंद्र पांडे ने अहम चुनावी टिप्स दिए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के अंतिम दो दिन में बूथ से लेकर जिला स्तर तक चुनाव प्रचार में किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए बूथ मैनेजमेंट को लेकर अहम टिप्स दिए। बूथ प्रबंधन की बारीकियों को समझाते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं को हर एक मतदाता तक पहुंचने के निर्देश दिए। जिला भाजपा मीडिया प्रभारी जोगिंद्र शुक्ला ने कहा कि महेंद्र पांडे के सानिध्य से कार्यकर्ताओें में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। इससे उत्साहित होकर बूथ से लेकर जिला के पदाधिकारी तक आगामी दो दिन तक प्रचार में जुटे रहेंगे। उन्होंने देश में मोदी की अहमियत समझाते हुए कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत के नारे को हर हालत में अमलीजामा पहनाना है। इस अवसर पर जिला महामंत्री भीमसेन, उपाध्यक्ष मोहर सिंह ठाकुर, टेकचंद ठाकुर, शारदा पोतदार, सचिव हेत राम ठाकुर, शेलेंद्र बहल, मंडल अध्यक्ष विजेंद्र सेन, महासचिव अमर ठाकुर, अनिरुद्ध खेरा, विधि प्रकोष्ठ के सुधीर भटनागर, नगर परिषद अध्यक्ष ऋषभ कालिया, युवा मोर्चा अध्यक्ष सुरेंद्र शौरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Related posts