
कुल्लू। लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक दलों ने अपना चुनावी प्रचार अभियान भी तेज कर दिया है। ऐसे में रविवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह ने खराहल में भाजपा उम्मीदवार के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश को विकास की राह पर भाजपा ने ही लाया है। इस दौरान राम सिंह सेउगी विरशु मेले के समापन अवसर पर मुख्यातिथि के तौर पर भी शामिल हुए। इससे पहले उन्होेंने ठेला, डोभी, बनौंतर, ठासीभरा तथा देहनीधार में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए जरूरी टिप्स देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार मेें अधूरे सभी विकास कार्यों को चुनाव के बाद भाजपा पूरा करेगी। उन्होंने दावा किया कि देश में मोदी नाम की लहर है और केंद्र में भाजपा की ही सरकार बनने जा रही है। उन्होंने मंडी लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी राम स्वरूप शर्मा के पक्ष में वोट देने की ग्रामीणों से अपील की। कार्यक्रम में उनके साथ भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी कुलदीप नैयर, युवा मोर्चा महामंत्री खराहल क्षेत्र अनिल राणा, सेउगी प्रधान कुसुम लता तथा नरेश ठाकुर भी मौजूद रहे।
