बस हादसों के शिकार लोगों को मिलेंगे 10 लाख

चंबा। बसों में जान गंवा चुके जिले के लोगों के परिजनों को जल्द प्रशासन की तरफ से सहायता राशि बांटी जाएगी। इसके अलावा इन हादसों में अपंग हो चुके लोगों को भी सहायता मिलेगी। यह सहायता राशि परिवहन विभाग की ओर से मुहैया करवाई जाएगी। वर्ष 2012 में हुए धुलाड़ा हादसे व इसके बाद हुए बस हादसों में मारे गए लोगों के परिजनों सहित इनमें घायल होकर शारीरिक तौर पर अपंग हो चुके लोगों के लिए 10 लाख 84 हजार की राशि जारी की गई है। उपायुक्त कार्यालय से यह राशि संबंधित उपमंडल अधिकारियों को जारी की जाएगी। एसडीएम कार्यालय ऐसे मामलों की सूची तैयार करने में ला है। किसको कितनी राशि दी जाएगी, यह अभी तय नहीं हुआ है। ज्ञात रहे कि वर्ष 2012 से लेकर अब तक बस हादसों में 74 लोग मारे जा चुके हैं। जिला प्रशासन ने परिवहन विभाग से बसों में सड़क हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को सहायता प्रदान करने के लिए एक प्रस्ताव भेजा था। परिवहन विभाग ने प्रशासन के प्रस्ताव को मंजूर कर दिया और 10 लाख 84 हजार रुपये जारी किए हैं। राशि मिलने के बाद प्रशासन ने यात्री बसों में मारे गए लोगों के परिजनों व हादसों में अपंग हुए लोगों की सूची बनाने का कार्य शुरू किया था। सूची में शामिल 74 में से 53 लोग गागला-धुलाड़ा क्षेत्र के हैं। वर्ष 2012 में गागला धुलाड़ा निजी बस दुर्घटना में 53 लोग मारे गए थे। परिवहन विभाग से धनराशि मिलने के बाद जिला प्रशासन सूची तैयार करने के बाद पैसे वितरित करने की औपचारिकताएं पूरी कर रहा है। मृतकों के परिजनों को सहायता राशि आदर्श आचार संहिता के दौरान ही बांट दी जाएगी। परिवहन विभाग द्वारा राशि दिए जाने से गरीब तबके के परिवारों को आर्थिक सहायता मिलेगी। इसकी पुष्टि करते हुए एसडीएम चंबा बचन सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग ने 10 लाख 84 हजार रुपये जारी किए हैं। जैसे ही यह राशि उन्हें मिलेगी, प्रभावितों को नुकसान के हिसाब से बांट दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आचार संहिता के कारण इसे जारी करने से पहले चुनाव आयोग की इजाजत भी ली जाएगी।

Related posts