
तीसा (चंबा)। उपमंडल तीसा के करीब 11 डिपुओं में राशन नहीं पहुंचा है। इस कारण करीब 1600 राशनकार्ड धारकों को बैसाखी के त्यौहार के लिए दुकानों से महंगे दाम पर राशन खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। सोमवार को बैसाखी का पर्व है, लेकिन क्षेत्र के चांजू, देहरा, चरड़ा, बघेई, देवीकोठी, टेपा, बैरागढ़, मंगली, बोंदेड़ी, सनवाल व मकण डिपुआें में राशन ही नहीं पहुंच पाया है। ऐसे में राशनकार्ड धारकों को काफी परेशानी हो रही है। पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण क्षेत्र की कई सड़कें बंद हो गई हैं। सड़कें बंद होेने के कारण वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। इस कारण डिपुओं तक राशन की खेप नहीं पहुंच पाई है। हालांकि लोक निर्माण विभाग सड़कों को बहाल करने में पूरी तरह से जुट गया है। यहां तक कि रविवार को भी सड़कें बहाल करने के लिए विभाग के कर्मचारियों की छुट्टी कैंसिल कर दी गई है, लेकिन कुछ स्थानों पर बार-बार भूस्खलन होने के कारण सड़कों को यातायात के लिए बहाल करने में विभाग क ो अड़चनें पेश आ रही हैं। स्थानीय निवासी देवी सिंह, किशोरी लाल, चतर सिंह, हीरा लाल, बेंसू राम, जोधा सिंह, परस राम, किशोरी लाल व मुकेश ने बताया कि सोमवार को बैसाखी का त्यौहार है, लेकिन डिपुओं में राशन नहीं पहुंचा है। ऐसे में वे त्यौहार के लिए राशन कहां से खरीदेंगे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इलाके में बंद पड़ी सड़कों को बहाल किया जाए ताकि डिपुआें में राशन पहुंच सके। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता कुमुद उपाध्याय ने बताया कि विभाग के पास मशीनरी नहीं है। इस कारण दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि विभाग के कर्मचारी सड़कों को यातायात के लिए बहाल करने में जुटे हैं। इसके लिए कर्मचारियों को रविवार का अवकाश भी कैंसिल कर दिया गया है। उधर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक अजय कौंडल ने बताया कि विभाग के पास भारी मात्रा में राशन उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि डिपो होल्डर गोदाम से राशन उठा सकते हैं।
