मोदी के विज्ञापन को कहां से आया पैसा : वीरभद्र

बसाल/बंगाणा/ऊना। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि मोदी के पास विज्ञापन के लिए इतना पैसा कहां से आया? चुनाव आयोग को मोदी से यह सवाल पूछना चाहिए। उन्होंने कहा कि टीवी चैनलों में विज्ञापनों के माध्यम से मोदी को चमकाने के लिए हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। कौन कौन उद्योगपति मोदी को फाइनांस कर रहे हैं? वीरभद्र सिंह ने शुक्रवार को ऊना के बसाल, बंगाणा, छपरोह और नंगड़ा में चुनावी सभाएं कीं। इस दौरान उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री और हमीरपुर संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा भी सीएम के साथ रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आबादी 120 करोड़ है। यहां सरकार नीतियों के आधार पर चलती है, किसी की नीयत के आधार पर नहीं। कानून कोई एक दल नहीं बनाता। किसी एक दल के पास इतना बहुमत नहीं होता कि कानून बनाए। इसमें विपक्ष और अन्य दलों की भी भूमिका होती है। मोदी को ऐसे पेश किया जा रहा है, जैसे देश के लोगों के हर मर्ज का इलाज करेंगे। धूमल और अनुराग पर निशाना साधते हुए कहा कि वे भी मोदी के नाम पर वोट मांगने की कोशिश कर रहे हैं। हिमाचल में मोदी के नाम पर कुछ भी नहीं होने वाला है। वीरभद्र ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि प्रदेश की चारों सीटें कांग्रेस जीतेगी। कहा कि पूर्व सैनिकों की वन रेंक वन पेंशन की मांग को भी यूपीए सरकार ने पूरा किया है। हिमाचल को बनाने, पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने, राज्य को प्रथम श्रेणी में लाने का श्रेय कांग्रेस को ही जाता है। देश भर में हिमाचल नंबर वन है, जबकि गुजरात पीछे है।

Related posts