
सांगला (किन्नौर)। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में आयोजित लोक सभा चुनाव का पूर्वाभ्यास शिविर संपन्न हो गया है। इस पूर्वाभ्यास में जिला के सभी मतदान केंद्रों में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को चुनाव संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पुलिस बल के अधिकारियों और जवानों को भी ईवीएम संचालन की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने मतदान के दौरान मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त किन्नौर डीडी शर्मा ने बताया कि चुनाव संचालन के लिए प्रतिनियुक्त अधिकारी और कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से चुनाव संचालन संबंधी कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ईवीएम के प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस बल के अधिकारियों और जवानों को जहां चुनाव से संबंधित प्रत्येक कार्य से अवगत करवाया गया, वहीं, मशीन में स्थापित नोटा बटन के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि जिला में इस बार मतदान प्रतिशतता बढ़ाने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है। उन्होंने पुलिस बल के अधिकारियों और जवानों से अपील की कि वे मतदान के दौरान सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें, ताकि कोई असामाजिक तत्व मतदान में बाधा न डाल सके इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक किन्नौर अजय सिंह बौद्ध, सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रशांत देष्टा, डीएसपी केके वर्धन, परियोजना अधिकारी एकीकृत जनजातीय विकास विभाग किन्नौर पंकज शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी किन्नौर विजय बरागटा, तहसीलदार निर्वाचन श्रवण कुमार, कानूनगो निर्वाचन नेक राम ठाकुर सहित अन्य अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे ।
